All-India Artist Camp, Ayodhya 2026




 ‘कलर्स ऑफ़ अयोध्या’ अखिल भारतीय कला शिविर

 

भारतीय संस्कृति में ऐसे कुछ नगर हैं जो केवल भौगोलिक इकाइयाँ नहीं, बल्कि सभ्यता की सामूहिक चेतना के जीवंत प्रतीक हैं। अयोध्या उन्हीं विरल नगरों में है जहाँ इतिहास और मिथक, आस्था और दर्शन, लोक और शास्त्र, स्मृति और समकालीनता एक-दूसरे में इस प्रकार विलीन हो जाते हैं कि उनके बीच किसी स्पष्ट विभाजन की कल्पना भी संभव नहीं रहती। सरयू का शांत प्रवाह, मंदिरों की अनुगूँज, रामकथा की अमर परंपरा, संतों की साधना, लोकगीतों की आत्मीयता और बदलते समय के साथ विकसित होता आधुनिक शहरी स्वरूप—ये सभी मिलकर अयोध्या को भारतीय सांस्कृतिक मानस का ऐसा केंद्र बनाते हैं, जिसकी व्याख्या केवल धार्मिक दृष्टि से नहीं की जा सकती। यह भारतीय जीवन-दर्शन, नैतिक मूल्यों, कला, साहित्य और सांस्कृतिक निरंतरता का ऐसा विराट पाठ है, जो प्रत्येक युग में नए अर्थों के साथ उद्घाटित होता रहा है।

इसी बहुआयामी सांस्कृतिक चेतना को समकालीन भारतीय कला के माध्यम से पुनः देखने और समझने का एक महत्त्वपूर्ण प्रयास था ‘कलर्स ऑफ़ अयोध्या’ अखिल भारतीय कला शिविर, जिसका आयोजन 15 से 19 जून 2026 तक ‘कला दीर्घा’, इंटरनेशनल जर्नल ऑफ़ विजुअल आर्ट्स तथा जेबीएनएस सोसायटी, अयोध्या के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ। यह आयोजन केवल चित्र बनाने का अवसर नहीं था, बल्कि भारत के विविध सांस्कृतिक भूगोल से आए कलाकारों और अयोध्या की सांस्कृतिक आत्मा के बीच एक जीवंत संवाद था और इसे इतिहास की पुस्तक में नहीं, समकालीन कलाकारों की रचनाओं में भी पढ़ा जा सकता है।

भारतीय कला इतिहास इस तथ्य का साक्षी है कि किसी नगर की वास्तविक पहचान उसकी स्थापत्य धरोहरों से अधिक उन कलात्मक व्याख्याओं से निर्मित होती है, जो समय-समय पर कलाकार उसे प्रदान करते हैं। महर्षि वाल्मीकि ने अयोध्या को शब्दों में रचा, तुलसीदास ने उसे लोकभाषा में अमर किया, लोककलाकारों ने रामलीलाओं में उसे जीवंत रखा और आधुनिक कलाकारों ने उसे दृश्य-संवेदना के माध्यम से नए अर्थ दिए। ‘कलर्स ऑफ़ अयोध्या’ इसी परंपरा की एक समकालीन कड़ी सिद्ध हुआ, जहाँ कलाकारों ने अयोध्या को केवल देखा नहीं, बल्कि उसके साथ आत्मीय संवाद स्थापित किया।

शिविर का उद्घाटन श्री कृष्ण कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, अयोध्या ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उनके साथ शिविर की संरक्षक श्रीमती मंजुला झुनझुनवाला की गरिमामयी उपस्थिति ने इस आयोजन को विशेष ऊष्मा प्रदान की। उद्घाटन अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों का सम्मान किया गया। यह सम्मान केवल कलाकारों का अभिनंदन नहीं था, बल्कि भारतीय कला की विविध परंपराओं का अभिनंदन भी था, जो अयोध्या की सांस्कृतिक भूमि पर एकत्रित हुई थीं। इस शिविर की सबसे बड़ी विशेषता इसकी राष्ट्रीय संरचना रही। बिहार, महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, मध्य प्रदेश और ओडिशा सहित विभिन्न राज्यों से आए कलाकार अपने-अपने सांस्कृतिक अनुभव, दृश्य-भाषा और कलाभिव्यक्ति के साथ अयोध्या पहुँचे। वे किसी पूर्वनिर्धारित शैली को दोहराने नहीं आए थे; उन्होंने नगर को देखा, उसकी गलियों में चले, सरयू के तट पर समय बिताया, मंदिरों के स्थापत्य का अवलोकन किया, स्थानीय जनजीवन से संवाद स्थापित किया और फिर अपनी-अपनी दृश्य भाषा में उस अनुभव को रूपायित किया। यही कारण है कि शिविर में निर्मित प्रत्येक कलाकृति अयोध्या का अलग पाठ प्रस्तुत करती दिखाई दी।

इस राष्ट्रीय कला शिविर के क्यूरेटर डॉ. अवधेश मिश्र की सांस्कृतिक दृष्टि इस आयोजन की आत्मा थी। अयोध्या की सांस्कृतिक भूमि पर जन्मे और समकालीन भारतीय कला, कला-आलोचना तथा सांस्कृतिक विमर्श में सक्रिय डॉ. मिश्र ने इस शिविर की संकल्पना केवल प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रखी। उन्होंने इसे भारतीय कला की विविध धाराओं के बीच संवाद का मंच बनाया, जहाँ कलाकार अपनी क्षेत्रीय संवेदनाओं के साथ एक साझा सांस्कृतिक अनुभव का निर्माण कर सके। उनके क्यूरेटोरियल दृष्टिकोण का मूल यह था कि कला केवल दृश्य सौंदर्य का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृति को पुनर्परिभाषित करने की प्रक्रिया भी है। आयोजन की संरक्षक श्रीमती मंजुला झुनझुनवाला ने जिस संवेदनशीलता और उदारता के साथ कलाकारों के लिए सृजनात्मक वातावरण उपलब्ध कराया, वह पूरे शिविर में अनुभव किया गया। कला के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और शिक्षा-संस्कृति के क्षेत्र में उनका दीर्घकालिक योगदान इस आयोजन में स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ। कलाकारों के लिए आवश्यक संसाधनों से लेकर आत्मीय आतिथ्य तक, प्रत्येक व्यवस्था में यह अनुभव हुआ कि कला केवल प्रदर्शित करने की वस्तु नहीं, बल्कि समाज के सांस्कृतिक विकास का माध्यम है।

शिविर के दौरान आध्यात्मिक गुरु श्री श्रीवत्स गोस्वामी का आगमन एक महत्त्वपूर्ण सांस्कृतिक घटना बन गया। वृन्दावन की वैष्णव परंपरा के प्रतिनिधि के रूप में उन्होंने कलाकारों से संवाद करते हुए भारतीय कला को आध्यात्मिक अनुभव का विस्तार बताया। उनके उद्बोधन में यह विचार विशेष रूप से उभरकर आया कि भारतीय कलाकार बाह्य दृश्य का चित्रण भर नहीं करता, वह दृश्य के भीतर छिपे आध्यात्मिक अर्थों की खोज करता है। उन्होंने कहा कि केवल कलाएं ही व्यक्ति को मोक्ष के द्वार तक पहुंचा सकती हैं। कलाकारों ने इस संवाद को अत्यंत गंभीरता से आत्मसात किया और अनेक कृतियों में आध्यात्मिक प्रतीकों की उपस्थिति उसी संवेदनात्मक अनुभव का परिणाम प्रतीत हुई।

शिविर में भाग लेने वाले वरिष्ठ कलाकार पद्मश्री श्याम शर्मा की कृति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। भारतीय प्रिंटमेकिंग के इस प्रतिष्ठित कलाकार ने संकटमोचन हनुमान को केवल पौराणिक पात्र के रूप में चित्रित नहीं किया, बल्कि उन्हें भारतीय लोकविश्वास और मानवीय शक्ति के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया। उनके चित्र में रेखाओं की शक्ति, संरचना का अनुशासन और रूपों का सांकेतिक सरलीकरण भारतीय ग्राफिक कला की परंपरा को स्मरण कराता है। हनुमान का स्वरूप यहाँ केवल भक्ति का विषय नहीं, बल्कि ऊर्जा, सेवा, साहस और आत्मसमर्पण की दृश्य अभिव्यक्ति बनकर सामने आया। उनके चित्र में लाल, काला और पृथ्वी रंगों का संतुलित प्रयोग भारतीय लोकचित्र परंपरा की स्मृति जगाता है, जबकि रूपांकन आधुनिक दृश्य-भाषा का परिचायक है। इस प्रकार उन्होंने अयोध्या की सांस्कृतिक चेतना को भारतीय प्रिंटमेकिंग की विशिष्ट शैली में रूपांतरित किया।

तेलंगाना की कलाकार अर्पिता रेड्डी ने भारतीय दक्कनी चित्र परंपरा से प्रेरित होकर भगवान विष्णु के अवतार का ऐसा रूप प्रस्तुत किया जिसमें शास्त्रीय भारतीय चित्रकला और समकालीन स्त्री-दृष्टि का अनूठा समन्वय दिखाई देता है। उनकी कृति में सूक्ष्म अलंकरण, गहरे रंगों का नियंत्रित प्रयोग और सजावटी संरचना दक्कनी शैली की स्मृति जगाती है, जबकि अवतार की व्याख्या समय और संस्कृति के व्यापक अर्थों में विकसित होती है। यह चित्र केवल धार्मिक आख्यान नहीं, बल्कि संरक्षण, संतुलन और पुनर्सृजन की भारतीय अवधारणा का दृश्य रूप बन गया।

महाराष्ट्र के रामचंद्र खरटमल ने अपने एक चित्र में अयोध्या और कोरिया के ऐतिहासिक-सांस्कृतिक संबंधों को राजा किम सुरो और राजकुमारी रत्ना के माध्यम से जीवंत रूप दिया। राजसी गरिमा और आत्मीय भावों से युक्त यह कृति केवल इतिहास का पुनर्पाठ नहीं, बल्कि दो सभ्यताओं के सांस्कृतिक सेतु का सशक्त दृश्य आख्यान बन जाती है। उनकी दूसरी कृति ‘अयोध्या : द कॉन्फ्लुएंस ऑफ थ्री आइडियोलॉजीज़’ अयोध्या को तीन विचारधाराओं के संगम और सह-अस्तित्व की भूमि के रूप में प्रस्तुत करती है। यह चित्र अयोध्या को केवल भगवान राम की नगरी नहीं, बल्कि इतिहास, आस्था, दर्शन और सांस्कृतिक समन्वय की उस जीवंत सभ्यता के रूप में स्थापित करता है, जहाँ विविध परंपराएँ संवाद और समरसता के साथ विकसित हुई हैं।

हरियाणा के वरिष्ठ कलाकार डॉ. राम विरंजन की कृति भारतीय सांस्कृतिक प्रतीकों और समकालीन जीवन के बीच सेतु का कार्य करती दिखाई दी। उनकी चित्रभाषा में आध्यात्मिकता किसी धार्मिक आग्रह के रूप में नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना के रूप में उपस्थित हुई। चित्र की संरचना में संतुलन, लय और प्रतीकों का संयमित प्रयोग भारतीय दार्शनिक चिंतन की ओर संकेत करता है।

गुजरात के कनु पटेल ने अयोध्या को रंगों के उत्सव के रूप में देखा। उनके चित्रों में लोकजीवन, उत्सवधर्मिता और सांस्कृतिक उल्लास की गहन उपस्थिति रही। रंगों की चमक, आकृतियों की गतिशीलता और दृश्य-रचना का विस्तार उनके चित्रों को एक उत्सवी स्वर प्रदान करता है। यह अयोध्या का वह रूप है जहाँ श्रद्धा और लोकजीवन परस्पर एकाकार हो जाते हैं।

मध्य प्रदेश की तृप्ति जोशी ने प्रकृति और मानवीय संवेदना के सूक्ष्म संबंधों को आधार बनाते हुए अयोध्या के शांत पक्ष को अभिव्यक्त किया। उनके चित्रों में रंगों की मृदुता, संरचना का संतुलन और प्रकाश का सूक्ष्म उपयोग सरयू तट की शांति तथा नगर की आत्मीयता को दृश्य रूप देता है।

पश्चिम बंगाल के सुकांता दास ने अपनी विशिष्ट दृश्य-भाषा में सांस्कृतिक स्मृतियों और सामाजिक यथार्थ के बीच संवाद स्थापित किया। उनके चित्र में बंगाल की अभिव्यक्तिवादी परंपरा का प्रभाव स्पष्ट दिखाई देता है, किन्तु विषय पूरी तरह अयोध्या की सांस्कृतिक भूमि से जुड़ा रहा।

महाराष्ट्र के डॉ. डगलस जॉन ने आधुनिक संरचनात्मक भाषा के माध्यम से आध्यात्मिक खोज को अभिव्यक्त किया। उनके चित्रों में रूपों का विखंडन और पुनर्संयोजन जीवन के गहरे दार्शनिक प्रश्नों की ओर संकेत करता है। अयोध्या उनके लिए एक भौगोलिक नगर नहीं, बल्कि मनुष्य की आंतरिक यात्रा का प्रतीक बनकर उभरी।

ओडिशा के मानस रंजन जेना ने लोक और जनजातीय परंपराओं की दृश्य-भाषा के माध्यम से अयोध्या की सांस्कृतिक ऊर्जा को अभिव्यक्त किया। उनकी रचना में भारतीय लोककला की सहजता और सजावटी लय एक साथ दिखाई देती है। चित्र में प्रतीकों का प्रयोग भारतीय सांस्कृतिक एकात्मता का प्रभावशाली रूप प्रस्तुत करता है।

पूरे शिविर के दौरान कलाकारों के बीच निरंतर विचार-विमर्श, परस्पर संवाद और रचनात्मक आदान-प्रदान चलता रहा। यह आयोजन इस दृष्टि से भी महत्त्वपूर्ण रहा कि यहाँ केवल चित्र नहीं बने, बल्कि भारतीय कला की विविध परंपराएँ एक-दूसरे के निकट आईं। कलाकारों ने अपनी-अपनी क्षेत्रीय स्मृतियों को साझा किया और अयोध्या की सांस्कृतिक भूमि ने उन सभी अनुभवों को एक सूत्र में पिरो दिया। शिविर का समापन समारोह भी उतना ही गरिमामय रहा जितना उसका उद्घाटन। मुख्य अतिथि के रूप में ब्रिगेडियर जीतेंद्र शर्मा, कमांडेंट, डोगरा रेजीमेंटल सेंटर, अयोध्या ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कलाकारों के कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय कला हमारी सांस्कृतिक अस्मिता की सशक्त वाहक है और ऐसे आयोजन राष्ट्र की सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करते हैं और मुझे भी आज इस रचनात्मक दुनिया में आकर बहुत कुछ सीखने को मिला। इस अवसर पर कलाकारों को सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में डॉ. लीना मिश्र, प्रकाशक, ‘कला दीर्घा’, इंटरनेशनल जर्नल ऑफ़ विजुअल आर्ट्स की उपस्थिति भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। उन्होंने सभी सम्मानित कलाकारों, मुख्य अतिथि, शिविर की संरक्षक श्रीमती मंजुला झुनझुनवाला तथा स्थानीय समन्वयक डॉ. दिव्या शुक्ल को स्मृति-चिह्न भेंट कर आयोजन की स्मृतियों को स्थायी स्वरूप प्रदान किया। यह केवल औपचारिक सम्मान नहीं था, बल्कि भारतीय कला-जगत के साझा सांस्कृतिक प्रयास का सार्वजनिक अभिनंदन था।

'कलर्स ऑफ़ अयोध्या' कला शिविर ने यह पुष्ट किया कि समकालीन भारतीय कला अपने सांस्कृतिक स्रोतों से कटकर नहीं, बल्कि उन्हीं से ऊर्जा प्राप्त करके आगे बढ़ती है। इस शिविर में निर्मित चित्र केवल कैनवास पर अंकित रंग नहीं थे; वे अयोध्या के बहुवर्णी व्यक्तित्व की दृश्य व्याख्याएँ थे। प्रत्येक कलाकार ने अपनी शैली, अपने सांस्कृतिक अनुभव और अपने सौंदर्यबोध के माध्यम से अयोध्या का एक नया रूप उद्घाटित किया। इन कृतियों ने यह स्थापित किया कि भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी शक्ति उसकी विविधता में निहित एकता है और कला उसी एकता की सबसे प्रभावशाली भाषा है।  निस्संदेह, 'कलर्स ऑफ़ अयोध्या' भारतीय कला-जगत की एक स्मरणीय सांस्कृतिक घटना के रूप में प्रतिष्ठित हुआ। इसने अयोध्या को केवल आस्था की राजधानी के रूप में नहीं, बल्कि समकालीन कला, सांस्कृतिक संवाद और राष्ट्रीय रचनात्मकता के एक जीवंत केंद्र के रूप में पुनः स्थापित किया। सरयू के तट पर सृजित ये रंग आने वाले समय में केवल प्रदर्शनी की दीवारों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि भारतीय कला के इतिहास में उस क्षण के साक्ष्य बनेंगे जब देश के विविध प्रांतों से आए कलाकारों ने मिलकर अयोध्या को नए रंगों, नए अर्थों और नई दृष्टि से पुनः रचा।

 

Colors of Ayodhya: An All India Artists’ Camp

There are a few cities in Indian civilization that transcend their geographical identity to become living symbols of the nation’s collective cultural consciousness. Ayodhya is one such rare city, where history and mythology, faith and philosophy, folklore and classical traditions, memory and modernity converge so seamlessly that they become inseparable. The tranquil flow of the River Sarayu, the resonance of temple bells, the timeless tradition of the Ramayana, the legacy of saints, the warmth of folk songs, and the city’s evolving urban landscape together make Ayodhya a cultural epicenter whose significance extends far beyond religion. It represents a profound civilizational narrative encompassing Indian philosophy, ethical values, literature, art, and an enduring cultural continuity that continues to reveal new meanings across generations.

It was this multidimensional cultural spirit that inspired the ‘Colors of Ayodhya’ All India Artists’ Camp, organized from 15–19 June 2026 under the joint aegis of Kala Dirgha: International Journal of Visual Arts and the JBNSS Society, Ayodhya. More than a painting camp, the event became a vibrant dialogue between artists from diverse regions of India and the living cultural soul of Ayodhya. It demonstrated that Ayodhya can be understood not only through historical texts but also through the creative interpretations of contemporary artists.

The history of Indian art testifies that the true identity of a city is shaped not merely by its monuments but by the artistic interpretations it inspires. Maharishi Valmiki immortalized Ayodhya through poetry, Tulsidas through the vernacular tradition, folk performers through Ramlila, and contemporary artists continue to reinterpret its essence through visual expression. Colors of Ayodhya emerged as a significant continuation of this artistic lineage, where participants did not simply observe the city—they entered into an intimate creative dialogue with it.

The camp was inaugurated by Shri Krishna Kumar Singh, Chief Development Officer of Ayodhya, who graced the occasion as the Chief Guest. The presence of the camp’s Patron, Mrs. Manjula Jhunjhunwala, added warmth and dignity to the inaugural ceremony, during which artists from different parts of the country were felicitated. The ceremony celebrated not only the participating artists but also the remarkable diversity of Indian artistic traditions that had come together in Ayodhya.

One of the camp’s defining strengths was its truly national character. Artists from Bihar, Maharashtra, Gujarat, Haryana, West Bengal, Telangana, Madhya Pradesh, and Odisha brought with them distinct regional experiences, artistic vocabularies, and cultural sensibilities. Rather than repeating established visual formulas, they immersed themselves in the city—walking through its streets, spending time along the Sarayu, observing temples and local life, and transforming these lived experiences into compelling visual narratives. Consequently, every artwork offered a unique interpretation of Ayodhya.

The intellectual and cultural vision of the camp’s Curator, Dr. Awadhesh Misra, formed the core of the event. A contemporary artist, critic, and cultural thinker born in Ayodhya, Dr. Misra envisioned the camp not merely as an exhibition but as a platform for dialogue among diverse artistic traditions. His curatorial philosophy emphasized that art is not only a medium of aesthetic expression but also a powerful process of reinterpreting culture.

The camp’s Patron, Mrs. Manjula Jhunjhunwala, played a pivotal role by creating an inspiring and nurturing environment for artistic practice. Her long-standing commitment to education, culture, and the arts was evident in every aspect of the event, from meticulous organization to warm hospitality. The camp affirmed that art is not simply an object for display but a vital instrument for the cultural enrichment of society.

A particularly memorable moment was the visit of the spiritual leader Shri Shrivats Goswami of Vrindavan. Addressing the participating artists, he described Indian art as an extension of spiritual experience. He observed that an Indian artist does not merely depict the external world but seeks the spiritual truths hidden within it, adding that “only the arts can ultimately lead a person to the gateway of liberation.” His reflections deeply influenced the participants, and the spiritual symbolism evident in many of the artworks reflected this profound engagement.

Among the participating artists, the work of Padma Shri Shyam Sharma stood out prominently. The distinguished printmaker portrayed Sankatmochan Hanuman not simply as a mythological figure but as a universal symbol of faith, courage, service, and inner strength. The disciplined linearity, simplified forms, and carefully balanced use of red, black, and earth tones recalled India’s graphic and folk traditions while simultaneously employing a distinctly contemporary visual language. His work transformed Hanuman into an enduring emblem of spiritual resilience and human potential.

Artist Arpitha Reddy from Telangana presented an evocative interpretation of Lord Vishnu’s incarnations, inspired by the Deccani painting tradition. Her work harmonized classical Indian aesthetics with a contemporary feminine perspective. Intricate ornamentation, richly controlled colours, and decorative compositions echoed the elegance of Deccani miniatures while expanding the philosophical meaning of the divine incarnations into broader themes of preservation, balance, and regeneration.

From Maharashtra, Ramchandra Kharatmal explored the historical and cultural relationship between Ayodhya and Korea through a striking composition featuring King Kim Suro and Princess Ratna. Their regal yet humane portrayal transformed history into a compelling visual narrative celebrating the cultural bridge between two civilizations. His second work, Ayodhya: The Confluence of Three Ideologies, presented the city as a meeting point of multiple philosophical traditions, portraying Ayodhya not merely as the city of Lord Rama but as a timeless center of coexistence, dialogue, and cultural harmony.

The work of Dr. Ram Viranjan from Haryana created a thoughtful bridge between Indian cultural symbolism and contemporary life. His restrained use of visual metaphors, rhythmic composition, and symbolic balance reflected a deeply philosophical understanding of spirituality as a universal human experience rather than a purely religious expression.

Kanu Patel of Gujarat envisioned Ayodhya as a vibrant celebration of colour and collective life. His paintings captured the festive spirit of the city through dynamic forms, radiant colours, and an exuberant visual rhythm that united devotion with the vitality of everyday culture.

Tripti Joshi from Madhya Pradesh emphasized Ayodhya’s quieter dimensions, drawing upon subtle relationships between nature and human emotion. Her restrained palette, balanced compositions, and delicate treatment of light beautifully evoked the serenity of the Sarayu and the contemplative atmosphere of the city.

Sukanta Das from West Bengal brought together cultural memory and social reality through an expressive visual language influenced by the Bengal school’s modern traditions while remaining firmly rooted in Ayodhya’s cultural landscape.

Dr. Douglas John of Maharashtra explored spiritual inquiry through contemporary formal structures. His fragmented yet harmoniously reconstructed forms suggested profound philosophical reflections, presenting Ayodhya not as a physical destination but as a metaphor for humanity’s inner journey.

Manas Ranjan Jena from Odisha drew upon folk and tribal artistic traditions to express Ayodhya’s cultural vitality. His symbolic imagery, decorative rhythms, and indigenous visual vocabulary eloquently conveyed the unity embedded within India’s cultural diversity.

Throughout the camp, artists engaged in continuous discussions, exchanges of ideas, and collaborative reflection. The event became far more than a site for artistic production; it evolved into a meaningful meeting ground where India’s diverse visual traditions enriched one another through shared cultural experience.

The concluding ceremony was as dignified as the inauguration. Brigadier Jitendra Sharma, Commandant of the Dogra Regimental Centre, Ayodhya, attended as Chief Guest, viewed the exhibition, and praised the participating artists. In his address, he emphasized that Indian art is a powerful bearer of the nation’s cultural identity and that such initiatives strengthen the spirit of national integration. He also remarked that his own visit to this creative environment had been a deeply enriching experience. The participating artists were felicitated during the ceremony.

The presence of Dr. Leena Mishra, Publisher of Kala Dirgha: International Journal of Visual Arts, further enhanced the occasion. She presented commemorative mementoes to the honoured artists, the Chief Guest, the Patron Mrs. Manjula Jhunjhunwala and the local coordinator Dr. Divya Shukla, transforming the ceremony into a celebration of a shared cultural endeavour rather than a formal conclusion.

Colors of Ayodhya ultimately reaffirmed that contemporary Indian art derives its vitality from its cultural roots rather than distancing itself from them. The paintings created during the camp were not merely arrangements of colours upon canvas; they became profound visual interpretations of Ayodhya’s many-layered identity. Each artist revealed a distinct dimension of the city through individual aesthetics and cultural experience, demonstrating that the greatest strength of Indian civilization lies in its unity amidst diversity—and that art remains its most eloquent language.

The camp has established itself as a memorable milestone in contemporary Indian art. It reaffirmed Ayodhya not only as a sacred city but also as a dynamic centre of artistic creativity, cultural dialogue, and national imagination. The colours created along the banks of the Sarayu will endure not merely within gallery walls but as lasting testimony to a remarkable moment when artists from across India came together to reinterpret Ayodhya through fresh perspectives, renewed meanings, and the transformative power of art.

 


Dr. Awadhesh Misra
Curator

Mrs. Manjula Jhunjhunwala
Patron
Colours of Ayodhya
All India Artist Camp, Ayodhya











श्री कृष्ण कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, अयोध्या (मुख्य अतिथि) और शिविर की संरक्षक श्रीमती मंजुला झुनझुनवाला की उपस्थिति में उद्घाटन और कलाकारों का सम्मान


 











कला शिविर में आध्यात्मिक गुरु श्री श्रीवत्स गोस्वामी (वृन्दावन) का आगमन एवं उद्बोधन









शिविर में सृजनरत कलाकारगण

श्रीमती अर्पिता रेड्डी (तेलंगाना)

डॉ अवधेश मिश्र (उत्तर प्रदेश)

डॉ डगलस जॉन (महाराष्ट्र)

श्री कनु पटेल (गुजरात)

श्री मानस रंजन जेना (ओडिशा)

श्री रामचन्द्र खरटमल (महाराष्ट्र)

डॉ राम विरंजन (हरियाणा)

पद्मश्री श्याम शर्मा (बिहार)

श्री सुकांता दास (प. बंगाल)

श्रीमती तृप्ति जोशी (मध्य प्रदेश)




श्रीमती अर्पिता रेड्डी (तेलंगाना)


डॉ अवधेश मिश्र (उत्तर प्रदेश)


डॉ डगलस जॉन (महाराष्ट्र)


श्री कनु पटेल (गुजरात)


श्री मानस रंजन जेना (ओडिशा)


डॉ राम विरंजन (हरियाणा)


श्री रामचन्द्र खरटमल (महाराष्ट्र)


पद्मश्री श्याम शर्मा (बिहार)


श्री सुकांता दास (प. बंगाल)


श्रीमती तृप्ति जोशी (मध्य प्रदेश)

ब्रिगेडियर जीतेंद्र शर्मा, कमान्डेंट, डोगरा रेजीमेंटल सेंटर, अयोध्या (मुख्य अतिथि) द्वारा प्रदर्शनी का अवलोकन 



























'कलर्स ऑफ़ अयोध्या' कला शिविर का समापन समारोह 





















































अवध के लोक नृत्य - 'फरवाही' की प्रस्तुति 









मीडिया 






































अन्य सम्बन्धित लिंक - 

























 

Comments

  1. बहुत सुंदर आलेख प्रस्तुत किया है आपने बधाई भाई साब

    ReplyDelete

Post a Comment